कर्तव्य पथ पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी ने किया स्वागत
कर्तव्य पथ पहुंचे पीएम मोदी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने दर्शक दीर्घा में बैठे गणमान्य लोगों से मुलाकात की।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी कर्तव्य पथ पहुंचे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन से गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए कर्तव्य पथ के लिए रवाना हो गई हैं। उनके साथ गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि और इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्राबावो सुबियांतो भी गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने जा रहे हैं।
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचे और वहां वीर बलिदानियों को नमन किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि 'गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान महिलाओं और पुरुषों के सम्मान में अपना सिर झुकाते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाया और ये सुनिश्चित किया कि हमारी यात्रा की जड़ें लोकतांत्रिक, एकता और गरिमा पर आधारित रहें। मैं कामना करता हूं कि यह अवसर हमारे संविधान के आदर्शों को संरक्षित करने तथा एक मजबूत एवं समृद्ध भारत की दिशा में हमारे प्रयासों को मजबूती प्रदान करे।'
इस बार का गणतंत्र दिवस समारोह बेहद खास है। इस बार पूरे भारत से गणतंत्र दिवस समारोह में 10 हजार विशिष्ट अतिथि शामिल हो रहे हैं। इनमें पैरालंपिक खिलाड़ी, बेहतर प्रदर्शन करने वाले सरपंच, हथकरघा कारीगर, वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता शामिल हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर हैदराबाद स्थित वीरूला सैनिक स्मारक, परेड ग्राउंड जाकर अमर वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और सलामी दी।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबावो सुबियांतो इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। शनिवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के सम्मान में भोज का आयोजन किया। इस आयोजन के दौरान इंडोनेशिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने बॉलीवुड गीत कुछ कुछ होता है गाया। इस प्रतिनिधिमंडल में इंडोनेशिया के वरिष्ठ मंत्री शामिल थे। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं।
Comments
Post a Comment